Thursday, February 2, 2017

राजेश कुमार कृत ‘बापू ने कहा था‘ नाटक का मंचन

दिनांक 30 जनवरी, 2017। इलाहाबाद, उ.प्र.। महत्मा गांधी जी के परिनिर्वाण दिवस पर उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित खादी महोत्सव 2017 में रंगपाखी संस्था द्वारा राजेश कुमार कृत ‘बापू ने कहा था‘ नाटक का मंचन 30 जनवरी सायं 6:30 बजे परेड मैदान संगम इलाहाबाद में हुआ।

‘बापू ने कहा था’ नाटक गांधी की विचारधारा, उनके सत्य के प्रयोगों का व्यक्तिगत जीवन में एक प्रयोग है। तारकेश्वर पाण्डेय एक आम आदमी है जो दंगे की ज्वाला में अपने इकलौते बेटे सूरज को खो देता है। इसी हिंसक माहौल में उसकी मुलाकात गांधी से होती है। जो दंगा रोकने के लिए उपवास पर बैठे हैं। वो पीड़ा के असहनीय आवेश में गांधी को ललकारते हुए यह बताता है कि अहिंसा और सत्याग्रह की उनकी विचारधारा खोखली है। गांधी उसे समझाते हैं कि एक अनाथ मुसलमान बच्चे को गोद लेकर उसकी परवरिश करो। तुम्हारे दुःख, घृणा और विश्वास को दूर करने का एकमात्र यही रास्ता है।

तारकेश्वर गांधी की बात मानकर एक अनाथ मुसलमान बच्चे की परवरिश करता है। आफ़ताब नाम का यह बच्चा बड़ा होकर घृणा और द्वेष की आंधी का शिकार होता है। एक बार फिर गांधीवादी विचारधारा धार्मिक उन्माद के समक्ष दम तोड़ती हुई दिखाई देती है। आफ़ताब एक आतंकवादी संगठन से जुड़ जाता है। एक आतंकवादी घटना को अंजाम देने के बाद वो अन्दर तक तड़प जाता है और इस बात का अहसास करता है कि बापू का रास्ता ही सही रास्ता है।

यह नाटक इस बात की पुष्टि करता है कि व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन में दोनों में ही गांधीवादी विचारधारा ही सर्वश्रेष्ठ है।नाटक में मंच पर अभिनय करने वालों में आशीष गुप्ता - गांधी, शुभम दुबे - तारकेश्वर पाण्डे, गौरांशी श्रीवास्तव - सुमित्रा, अमन वर्मा - आफ़ताब आदि कलाकारों ने अभिनय किया।
राजेश कुमार द्वारा लिखित इस नाटक का निर्देशन प्रिवेन्द्र सिंह ने किया।

No comments:

Post a Comment